— केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य अंचल के अशोकनगर, गुना और शिवपुरी में भाजपा प्रत्याशियों समर्थन में अनेक जनसभाओं को किया संबोधित
ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के स्टार प्रचारक के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे पूरे प्रदेश में तूफानी दौरान कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं तो वहीं कांग्रेस पर भी जोरदार हमला करते हुए छोटे भाई-बड़े भाई की जोड़ी को बेनकाब कर रहे हैं।

शुक्रवार को सिंधिया ने अशोक नगर, गुना और शिवपुरी में चुनावी सभाओं के दौरान कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कमलनाथ जब मुख्यमंत्री बने तो उनके पास अपने ही मंत्रियों से मिलने का समय नहीं होता था। वह बोलते थे, चलो…चलो…समय नहीं है! तो गौर कीजिए- वे जनता की क्या सोचते? ये झूठ और लूट की पार्टी है, इस पर कभी भरोसा नहीं किया जा सकता है। कमलनाथ के शासनकाल में कांग्रेस कहती थी- ‘बहन तिजोरी खाली है’, अब शिवराज सरकार में भाजपा बोलती है ‘बहन तिजोरी तुम्हारी है। यही फर्क है कांग्रेस और भाजपा सरकार में।

भाजपा प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह यादव, पन्नालाल शाक्य और देवेंद्र जैन के समर्थन में आयोजित सभाओं में उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जन कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। सिंधिया ने भाजपा सरकार की अनेक योजनाओं को उल्लेख करने के साथ ही एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि वर्ष 2003 का समय मुझे याद है, जब मैं यहां बहादुगढ़ आया था, सड़क नाम की कोई चीज नहीं थी। एक गांव दूसरे गांव से कटा हुआ रहता था। बारिश के मौसम में जैसे समुद्र के दो टापू रखे हो। हर तरफ गड्ढे ही गड्ढे नजर आते थे। न सड़क होती थी न ही रेल की सुविधा।
— अंचल का हुआ चहुंमुखी विकास
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि अशोक नगर में रेलवे स्टेशन था लेकिन एक गाड़ी नहीं आती थी। कौवें बोलते थे। मुंगावली और बहादुरगढ़ पहले भोपाल, ग्वालियर से कटा हुआ था। आज क्षेत्र के विकास के साथ प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है।
— प्रदेश में बिछा सड़कों का जाल
सिंधिया ने कहा कि 2003 के बाद जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तब से मध्यप्रदेश का विकास हुआ है। पिछले 20 वर्षोंं में सड़कों का जाल बिछ गया है। 2003 में केवल 44 हजार किलोमीटर की सड़कें थी आज पॉच लाख किलोमीटर से अधिक लंबी सड़कें बन चुकी हैं। 2003 से पहले दो-तीन घंटे भी बिजली नहीं आती हैं और आज पूरे प्रदेश के हर गॉव और शहर में दिन-रात बिजली रहती है।

— वल्लभ भवन को बनाया भ्रष्टाचार का अड्डा
सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि 2018 में आपने कांग्रेस पार्टी पर विश्वास किया। उसके बाद कांग्रेस ने आपके साथ विश्वासघात किया। और मुझे गर्व है कि बृजेंद्र यादव को आपने 2020 उपचुनाव में आपका आशीर्वाद दिया। 15 महीने की कांग्रेस सरकार में बड़े भाई और छोटे भाई ने मिलकर वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था।
PostedBy : विजय पाण्डेय